रांची । राजधानी रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार सुबह से ही बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। जमीन कारोबारियों और बिल्डर्स के ठिकानों पर एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा जगह छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह रेड अरगोड़ा, कांके, रातू रोड, डोरंडा और काके रिसॉर्ट सहित कई ठिकानों पर चल रही है।

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी जमीन से जुड़े विवादित सौदों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई काके के पूर्व सीओ से जुड़े मामले में हो रही है। ईडी की टीम कई कार्यालयों में पहुंची और बंद दफ्तरों को खुलवाकर दस्तावेजों की जांच की।

ईडी के अधिकारी कई बिल्डर्स और जमीन कारोबारियों से पूछताछ भी कर रहे हैं। साथ ही उन कार्यालयों से अहम दस्तावेज और कागजात खंगाले जा रहे हैं, जिनका सीधा संबंध विवादित जमीन सौदों से बताया जा रहा है। कई जगह स्टाफ की गैर मौजूदगी में कार्यालय खोलवाए गए और जांच आगे बढ़ाई गई। जमीन घोटाले के इस बहुचर्चित मामले में जमीन माफिया कमलेश कुमार सिंह व कांके रिसोर्ट के मालिक बीके सिंह सहित कई आरोपित नामजद आरोपित हैं। यह ठिकाने जमीन कारोबारी, बिल्डर आदि से संबंधित हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version