
रांची । झारखंड के आंदोलनकारी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरू शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार की शाम को दिल्ली से रांची लाया गया । बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग जुटे । दिशोम गुरु’ को अंतिम विदाई देने पहुंचे हर व्यक्ति की आंखें नम थीं, माहौल गमगीन था और ‘गुरुजी अमर रहें’ के नारे गूंज रहे थे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से फूलों से सजे वाहन से उनके पार्थिव शरीर को मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास के लिए रवाना किया गया।



मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो विधायक और सीएम के भाई बसंत सोरेन, सीएम की पत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित परिवार के कई सदस्य साथ में रांची एयरपोर्ट पहुंचे ।एयरपोर्ट पर झारखंड सरकार के कई मंत्री राज्य के कई विधायक और सरकारी महकमा के कई पदाधिकारी मौजूद थे, वहीं काफी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता भी अपने नेता की अंतिम झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे । उपस्थित लोगों ने दिशाेम गुरु को श्रद्धांजलि दी।
पैतृक गांव नेमरा के बड़का नाला के पास गुरुजी का अंतिम संस्कार मंगलवार (पांच अगस्त) दोपहर 2 बजे होगा. पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। छोटे बेटे बसंत सोरेन उन्हें मुखाग्नि देंगे । नेमरा गांव के मुखिया जीत लाल टुडू और दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा ने यह जानकारी दी है। इनके अंतिम संस्कार में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई गणमान्य शामिल होंगे।

