
पटना । बिहार के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों भूचाल आया हुआ है। मामला है लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा हुआ। उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पर कई गंभीर आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने कई शादियां की हैं और कई महिलाओं का जीवन बर्बाद किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चैट्स और तस्वीरों ने इस मामले को और भी उलझा दिया है। इन खुलासों के बाद लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। साथ ही, बिहार की राजनीति में भी उथल-पुथल मची हुई है। माना जा रहा है कि 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी इसका असर पड़ सकता है। गौर करने वाली बात ये है कि इस प्रकरण में एक ‘दीदी’ भी हैं।



और होती है निशु सिन्हा की एंट्री : वायरल चैट में अनुष्का यादव कहती हैं कि अब उन्हें मीडिया में आना होगा। चैट में वह जानकारी देती हैं कि अभी उनकी तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। धीरे-धीरे बात आगे बढ़ती है तो वह खुद ही बताती हैं कि तेज प्रताप यादव 17 मई 2025 को मालदीव जा रहे हैं और 23 मई को लौटने की योजना है। बातों ही बातों में एक और किरदार की बात सामने आ जाती है – निशु सिन्हा। अब सवाल उठता है कि निशु सिन्हा कौन हैं और क्या अनुष्का निशु के बारे में जानती थी? जवाब होगा- हां। और अनुष्का को निशु सिन्हा का तेज प्रताप के साथ क्या रिश्ता है, ये भी जानकारी थी।
वायरल चैट में वह यह भी कहती हैं कि तेजस्वी यादव ने ही तेज प्रताप और निशु सिन्हा को मालदीव भेजा है। अब सवाल उठता है कि क्यों? तो जवाब मिलता है ‘बेबी प्लानिंग’ के लिए। इसके बाद इस चैट में जो आता है, वह और भी चौंकाने वाला है। तेज प्रताप यादव ने एक नहीं, बल्कि तीन-तीन शादियां कर रखी हैं। हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन सामने वाले शख्स ने जब तेज प्रताप और निशु के बीच रिश्ते के बारे में पूछा तो अनुष्का ने जो जवाब दिया, वह गौर करने लायक है।
चैट में दीदी की एंट्री और खुलासा : चैट में अनुष्का यादव ने बताया कि तेज प्रताप यादव और निशु सिन्हा के बीच पति-पत्नी का रिश्ता है। वे शादीशुदा हैं। सामने वाला शख्स चौंककर पूछता है कि इसकी कितनी शादियां हैं भाई! इस पर जवाब दिया जाता है कि पहली ऐश्वर्या राय, दूसरी अनुष्का यादव यानी वह खुद और तीसरी निशु सिन्हा। अब सावल उठता है कि जिस शख्स से अनुष्का बात कर रही है वह कौन है? मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अनुष्का यादव, अलका यादव से बात कर रही है। अब सवाल है कि अलका यादव कौन हैं और अनुष्का, अलका को दीदी क्यों कह रही? हालांकि इस सवाल का जवाब अभी देना ठीक नहीं होगा, लेकिन बिहार की राजनीति को कवर करने वाले और लालू-रबड़ी के रिश्तेदारों का जानने वाले जानते हैं कि अलका कौन है और तेज प्रताप की क्या लगती है। खैर कहानी को आगे बढ़ाते हैं।
‘ग्यारह’ से चेहरे पर बजे बारह : शायद यही ‘ग्यारह’ अब बिहार के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार के चेहरे पर ‘बारह’ बजा रहा है। सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में जो कुछ भी वायरल हो रहा है, उसे देख और सुनकर हर कोई हैरान है। और इसकी शुरुआत होती है तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट से। पोस्ट में उन्होंने अनुष्का यादव के साथ अपनी तस्वीर डाली और बताया कि वे दोनों 12 सालों से रिलेशनशिप में हैं। यही रिलेशनशिप बिहार की सियासी गलियारों में बवाल मचा दिया। हो-हंगामा हुआ तो लालू यादव के बड़े लाल तेज ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और AI से छेड़छाड़ करके तस्वीर बनाई गई है।
’12’ के फेर में फंस गए तेज : सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सवाल उठाया कि अगर तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव 12 सालों से रिलेशनशिप में थे तो उन्होंने 2018 में ऐश्वर्या राय से शादी करके उनका जीवन क्यों बर्बाद किया? ऐश्वर्या राय अभी अपने पति से अलग रह रही हैं। सोमवार को ऐश्वर्या जब मीडिया के सामने आईं तो उन्होंने भी यही सवाल उठाया। ऐश्वर्या ने तेज प्रताप पर घरेलू हिंसा और अजीब व्यवहार करने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामला कोर्ट में, ऐसे में बहुत कुछ लिखना उचित नहीं होगा। खैर अब आगे बढ़ते हैं। कुछ दिनों पहले तेज प्रताप यादव ने खुद एक पॉडकास्ट में कहा था कि यह शादी राजनीतिक फायदे के लिए हुई थी। यानी एक और एक मिलकर 11 बनना चाहते थे।
खैर अब सीधे कहानी पर आते हैं और बात करते हैं सियासी शतरंज के उस खेल का, जहां हर खिलाड़ी अपनी चाल चलने के लिए तैयार है या समय के साथ चल रहा है। जो सामने से दिख रहा है, वह है नहीं, जो है उसे समझना आसान नहीं है। पर्दे के पीछे बड़ा खेल चल रहा है। इस खेल में कई खिलाड़ी हैं। संभव है कि बिहार विधानसभा चुनाव तक कई बड़े बदलाव लाए। लालू परिवार के करीबी लोग दबी जुबान ही सही, अब कह रहे हैं कि इस पूरे मामले से तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के सपने पर पानी फिर गया है। यानी बीमार लालू यादव की आखिरी इच्छा ‘सपना’ ही न रह जाए!
सोशल मीडिया में चैट्स बहुत वायरल हो रहे हैं। कथित चैट में अनुष्का यादव किसी को मैसेज करके बताती हैं कि तेज प्रताप यादव और निशु सिन्हा मालदीव जा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर मालदीव में ध्यान करते हुए तेज प्रताप यादव का एक वीडियो भी आया था। चैट्स सामने आते ही पता चल रहा है कि उनका विदेश जाना अचानक नहीं था। अनुष्का यादव को पहले से ही पता था कि वे मालदीव जाने वाले हैं। बताया तो ये भी जा रहा है कि असल में अनुष्का को ही तेज प्रताप के साथ मालदीव जाना था, लेकिन इस खेल में बदलाव हो गया, जो अब सबके सामने है।

