
रांची। समता युवा संघ के अध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर रेलवे से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया गया। संदीप नागपाल ने राज्यपाल को रांची में रेलवे जोनल कार्यालय खोले जाने की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर रांची में जोनल कार्यालय स्थापित किया जाता है तो झारखंड के लोगों को रेलवे से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल सकेगा।



इसके साथ ही रांची से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की वर्षों पुरानी मांग को भी दोहराया गया। साथ ही रांची से पारसनाथ के लिए सीधी ट्रेन की मांग की गई और पारसनाथ को एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किए जाने का आग्रह किया गया।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि वे संबंधित सांसदों एवं मंत्रियों से आग्रह करेंगे कि इस दिशा में आवश्यक पहल करें। उन्होंने सुझाव दिया कि समता युवा संघ रेलवे जोनल कार्यालय से संबंधित एक औपचारिक मांग पत्र राज्य प्रशासन और केंद्रीय मंत्रालय को भी भेजे ताकि इस पर उचित कार्यवाही हो सके।
राज्यपाल ने कहा कि जिस प्रकार बिहार और कोलकाता में रेलवे के जोनल कार्यालय हैं, उसी प्रकार झारखंड की राजधानी रांची में भी जोनल कार्यालय होना न्यायोचित है। उन्होंने इससे जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। भेंट के दौरान हाल ही में हुए एक हवाई दुर्घटना में 242 यात्रियों की दुखद मृत्यु पर शोक व्यक्त किया गया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अतिरिक्त राज्य की विधि-व्यवस्था एवं अन्य सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर राकेश जैन, संदीप नागपाल, श्रीराम सिंह एवं राहुल शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।