
कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर पलटवार किया। मोदी ने कांग्रेस बार-बार अपने ही देश को डराने की कोशिश करती है। वह कहते हैं संभल कर चलो पाकिस्तान के पास एटम बम है। ये मरे पड़े लोग देश के मन को भी मार रहे हैं।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हमेशा ऐसा ही रवैया रहा है, ये पाकिस्तान की बम-बम करते हैं, आज पाकिस्तान की हालत यह है कि अब वह बम बेचने के लिए निकले हैं। कोई खरीदने वाला मिल जाए। लेकिन, लोगों को उनकी बम की क्वालिटी का भी पता है वो माल भी बिकता नहीं है। अटलबिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में परमाणु परीक्षण किये जाने का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार यह कहकर देश को डराया है कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है। पाकिस्तान अब ऐसी हालत में है कि उसके पास परमाणु बम बनाये रखने के लिए पैसे नहीं हैं।
कांग्रेस पर आतंकवादियों से हाथ मिलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि आतंकवाद का मुकाबला करने से वोट बैंक में नुकसान होगा। मोदी ने कांग्रेस नेता नाना पटोले के राम मंदिर का शुद्धिकरण करने वाले बयान को लेकर करारा जवाब दिया।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गई थी। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में जाकर पूजा-अर्चना की और उन्होंने देश के कल्याण के लिए रामलला से आशीर्वाद मांगा। एक आदिवासी बेटी और देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रामलला के दर्शन करके आई, तो उसके दूसरे दिन कांग्रेस पार्टी के एक बड़े नेता ने घोषणा की कि अब हम राम मंदिर गंगाजल से धोकर इसका शुद्धिकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि ये देश का, आदिवासी समाज का और माताओं-बहनों का अपमान है।

