
गुमला। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को गुमला के नगर भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, जिला वन प्रमंडल अधिकारी, उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरूआत उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा सभी नागरिकों को निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की शपथ दिलाकर हुई।



इस अवसर पर लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 9 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों का शांतिपूर्ण और सफल आयोजन सभी के सहयोग से संभव हो सका है। मतदान न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। जिसे हमें पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने भविष्य की पीढ़ी को भी मतदान के महत्व को समझने और अपने परिवार के सदस्यों को जागरूक करने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। निष्पक्ष और निर्भीक मतदान से समाज का सकारात्मक विकास होता है। गुमला में जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफलतापूर्वक अटेंड करने के बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने रांची रवाना हुए। रांची में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें उत्कृष्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उपायुक्त को लोकसभा और विधानसभा चुनावों के शांतिपूर्ण और प्रभावी संचालन हेतु दिया जा रहा है। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकार्ज एवं कर्मी मौजूद थे।