
रांची। झारखंड के लोक भवन उद्यान आम लोगों के लिए खोले जाने के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोक भवन खुलने के छठे दिन शनिवार को भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उद्यान की सुंदरता का आनंद लिया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के निर्देश पर लोक भवन उद्यान को दो फरवरी से आठ फरवरी तक आम नागरिकों के भ्रमण के लिए खोला गया है। शनिवार को 1,18,471 लोगों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया। राज्यपाल स्वयं भी उद्यान पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आगंतुकों से उद्यान के संबंध में उनकी राय जानी।




उद्यान भ्रमण का समय पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। भ्रमण के इच्छुक लोगों को लोक भवन के गेट संख्या–2 से सुरक्षा जांच के बाद दोपहर 1 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

उद्यान में बच्चे, बुजुर्ग, युवक-युवतियां और महिलाएं आकर्षक गुलाबों, झूलों, फाउंटेन, झरने, फलदार वृक्षों और औषधीय पौधों के बीच घूमते और मोबाइल से सेल्फी व तस्वीरें लेते नजर आए। उल्लेखनीय है कि लोक भवन को आम जनता के लिए खोलने के पहले पांच दिनों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पहले दिन 2,559, दूसरे दिन 4,813, तीसरे दिन 12,711, चौथे दिन 37,976 और पांचवें दिन 49,124 लोगों ने उद्यान का भ्रमण किया था।-
