
पटना। बिहार की राजधानी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में बड़ा जनसैलाब उमड़ पड़ा है ।श्री मोदी का रोड शो रविवार को भट्टाचार्य रोड से शुरू हुआ है । उनके साथ रोड शो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी भी शामिल हैं । यह रोड शो करीब दो किलोमीटर लंबा होगा और दो घंटे का होगा। उनका यह रोड शो गांधी मैदान के निकट कारगिल चौक पर समाप्त हुआ।




शंखनाद, पुष्प वर्षा और मोदी-मोदी के नारों के बीच उनका काफिला आगे बढ़ रहा है । सड़क के दोनों छोर पर और आसपास के भवनों पर भी बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री भी इन अभिवादनों का जवाब दे रहे हैं । प्रधानमंत्री जिस केसरिया वाहन पर सवार हैं उसके आगे आगे भाजपा की महिला कार्यकर्ता केसरिया साड़ी और साफा बांधकर चल रही थी।

भगवा पगड़ी व कपड़ों में सौ से अधिक महिलाएं, बैरिकेडिंग में भगवा कपड़े पहने सैकड़ों लोगों के साथ शंखध्वनि के साथ ज्यों-ज्यों प्रधानमंत्री का रथ आगे बढ़ा, बैरिकेडिंग के पीछे से राजधानीवासी भी पीछे चलने लगे।
सड़क पर रथ और दोनों किनारों पर मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों के साथ लोगों की भीड़ अपने प्यार व समर्थन का विश्वास दिला रहे थी। पीएम मोदी भी किसी को निराश नहीं कर रहे थे, उम्र को भूल वे लगातार छत-छज्जों से लेकर सड़क के किनारे तक के जनसैलाब में अधिक से अधिक लोगों की नजरों से नजरें मिलाकर अपने दिल का संदेश उन तक पहुंचाते दिखे। जिससे भी मोदी की नजरें चार हुईं, उस व्यक्ति का उत्साह इस कदर बढ़ गया कि वे अपने स्थान से उछलते दिखे।
मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठी राजधानी
महिलाएं उनके स्वागत में नृत्य करतीं तो युवा अपनी बुलंद आवाज में मोदी-मोदी व मोदी जिंदाबाद के नारों से आकाश को दहलाने का प्रयास करते दिखे। लोगों के इस उत्साह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इतने अभिभूत हुए कि उनके हाथों में भी कमल देखा गया। रोड शो में रथ पर मोदी के बाएं ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो दाएं ओर पटनासाहिब के प्रत्याशी व पूर्व विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद तो पीछे उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी थे।

