रांची। रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित 16वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को होगा। फेयर के अंतिम दिन स्टॉलधारियों की ओर से आकर्षक आॅफरों की बरसात होगी। कई उत्पादों पर भारी छूट मिलेगी। रांचीवासी इन आकर्षक आॅफर्स का लाभ उठा सकते हैं। झारखंड चैंबर और जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स का संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेयर में रविवार को लोगों की भारी भीड़ जुटी।

फेयर में लगे सभी हैंगरों में लगे स्टॉलों पर लोग खरीदारी करते दिखे। लोगों की भीड़ और खरीदारी होता देख स्टॉलधारी भी खुश नजर आये। वहीं, ट्रेड फेयर में प्रवेश के लिए लंबी लाइन लगी हुई थी। टिकट कांउटर पर टिकट लेने के लिए लंबी लाइन दिखी।

ट्रेड फेयर में आठ देशों और 15 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी गयी है। फेयर में हैंडीक्राफ्ट आईटम, वुडन फर्नीचर, हैंडलूम, इलेक्ट्रिक आईटम, रोटी बनाने, आटा गूंथने की मशीन, क्रॉकरी आईटम, कटलरी, किचन, वेयर, खादी के कपडे, गिफ्ट आईटम की जमकर खरीदारी हो रही है।

ट्रेड फेयर में झारखंड चैंबर की ओर से महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राज्य की दो महिला मंत्री ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी भी मौजूद होकर उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

कृषि मंत्री ने झारखंड चैंबर से राज्य सरकार के सहयोग से कॉन्क्लेव करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड चैंबर हमेशा राज्य सरकार को उद्योग और व्यवसाय को बढ़ाने के लिए नये नये आइडिया देते आ रहा है। राज्य के कई लोग स्किल और रोजगार से नहीं जुड़े हैं। इसमें एक बड़ा गैप है। राज्य सरकार और झारखंड चैंबर मिलकर इस गैप को भर सकते हैं। इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, उपाध्यक्ष ज्योति कुमारी, राहुल साबू, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव नवजोत अलंग, विकास विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version