रांची। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बिहार चुनाव के साथ-साथ घाटशिला उपचुनाव की घोषणा कर दी। इसी के साथ विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। घाटशिला उपचुनाव के लिए 11 नवंबर (मंगलवार) को वोट पड़ेंगे तथा 14 नवंबर (शुक्रवार) को मतगणना होगी। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के 15 अगस्त को निधन होने से यह सीट रिक्त हो गई थी। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर उपचुनाव के लिए 13 अक्टूबर (सोमवार) को अधिसूचना जारी होगी। इसी के साथ यहां नामांकन शुरू हो जाएगा। आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार, 21 अक्टूबर (मंगलवार) तक नामांकन दाखिल हो सकेगा। 22 अक्टूबर (बुधवार) को नामांकन पत्रों की जांच होगी।

24 अक्टूबर (शुक्रवार) तक नामांकन वापसी हो सकेगी। इधर, उपचुनाव के लिए अभी तक किसी दल ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। हालांकि झामुमो के प्रत्याशी के रूप में पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। भाजपा ने अभी तक अपना पत्ता नहीं खोला है। वैसे पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन प्रत्याशी के प्रबल दावेदार हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया था, लेकिन उनकी हार हो गई थी।

घाटशिला उपचुनाव में कई नए नियम लागू किए जाएंगे। इसके तहत पहली बार ईवीएम पर प्रत्याशियों की रंगीन तस्वीरें लगाई जाएंगी, ताकि वोटर्स को पहचानने में किसी तरह की दिक्कत न हो। सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग से लाइव निगरानी की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version