
औरंगाबाद। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा-2025 के दौरान किए गए वादे अब साकार होते दिख रहे हैं। औरंगाबाद में मेडिकल कॉलेज, रिंग रोड और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्यों को लेकर डीडीसी अभेन्द्र मोहन सिंह ने प्रेस वार्ता कर अहम जानकारियां दीं।
देव में मेडिकल कॉलेज : 400 करोड़ की परियोजना
डीडीसी के अनुसार, देव के पतलगंगा में 33.77 एकड़ क्षेत्र में 400 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और भूमि चिन्हांकन का कार्य आज से शुरू हो गया है। यह कॉलेज 430 बेड की क्षमता वाला होगा और एसएच-101 एवं प्रस्तावित देव रिंग रोड के निकट स्थित होगा। इसके निर्माण से जिले के मरीजों को उच्च चिकित्सा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
देव रिंग रोड : संपर्क और सुविधा का नया अध्याय
देव में रिंग रोड का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। यह रोड NH-2, NH-139, अंबा, बालूगंज, मदनपुर और औरंगाबाद को जोड़कर आवागमन को सुगम बनाएगा। खासकर कार्तिक एवं चैत्र छठ के दौरान देव आने वाले श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स : खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर
औरंगाबाद जिले में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं स्टेडियम के लिए 29.45 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसमें 4 बैडमिंटन/वॉलीबॉल/बास्केटबॉल कोर्ट, जिम, योग हॉल जैसी सुविधाएं होंगी। यह खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
जनता ने जताया आभार : इन सभी परियोजनाओं के शुरू होने पर जिलेवासियों एवं देव क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह योजनाएं न सिर्फ स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में सुधार लाएंगी बल्कि औरंगाबाद के समग्र विकास में भी मील का पत्थर साबित होंगी।
