
नंदुरबार । महाराष्ट्र के नंदुरबार में प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी आदिवासी समाज को सम्मान नहीं दिया और न देने दिया। आदिवासी क्रांतिकारियों ने आजादी की लड़ाई में इतने बलिदान दिए, लेकिन यह बलिदान की बात मानने को तैयार नहीं है। आजादी की पूरी लड़ाई का श्रेय कांग्रेस केवल एक परिवार को ही देती है। ये भाजपा है जो आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों पर म्यूजियम बनवा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता चल सके कि हमारे पूर्वज आदिवासियों ने देश के लिए कितना बड़ा बलिदान दिया था।



राष्ट्रपति चुनाव में आदिवासी बेटी को हराने के लिए रात-दिन एक किया था : मोदी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया और पहली बार ऐसा हुआ है, लेकिन आपको याद रहना चाहिए, वो कौन लोग थे, जिन्होंने आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव हराने के लिए रात दिन एक कर दिया था। ये कांग्रेस वाले लोग थे, जिन्होंने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए रात दिन एक किया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने ऐसा क्यों किया इसकी वजह अभी दो-तीन दिन पहले ही खुली है। कांग्रेस के शहजादे के गुरू अमेरिका में रहते है। उन्होंने भारत के लोगों पर रंगभेदी टिप्पणी की है। रंग के आधार पर भेद, ऐसा गंभीर आरोप लगाया है। जिनका रंग भगवान कृष्ण जैसा होता है, कांग्रेस उन्हें अफ्रीकन मानती है, इसलिए द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनें, यह उन्हें मंजूर नहीं था। मोदी ने सैम पित्रोदा के नस्लीय टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर प्रहार किया।
शहजादे के गुरु ने कहा-राम मंदिर का निर्माण और रामनवमी का उत्सव भारत के विचार के खिलाफ : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा कितना खतरनाक है। यह शहजादे के गुरु ने इसका खुलासा किया है। शहजादे के गुरु ने अमेरिका से कहा है कि राम मंदिर का निर्माण और रामनवमी का उत्सव भारत के विचार के खिलाफ है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मेरा मंदिर जाना भारत विरोधी है। कांग्रेस राम के देश में राम मंदिर को देश विरोधी बता रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानती है कि वे विकास में मोदी का मुकाबला कर ही नहीं सकते। इसलिए उन्होंने इस चुनाव में झूठ की फैक्ट्री खोली है और झूठ फैलाकर वे वोट लेना चाहते हैं। कभी आरक्षण को लेकर झूठ, कभी संविधान को लेकर झूठ बोलते हैं, आरक्षण पर कांग्रेस का हाल चोर मचाए शोर वाला है। धर्म के आधार पर आरक्षण बाबा साहब अंबेडकर की भावना के खिलाफ है, संविधान की भावना के खिलाफ है। लेकिन कांग्रेस का एजेंडा है कि दलित, पिछड़े, आदिवासी का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को देना।
जीते जी और मरने के बाद भी जमीन में गाड़ नहीं पायेगी शिवसेना : मोदी ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के उन्हें जमीन में गाड़ देने वाली धमकी पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ये लोग मोदी को जीते हुए भी और मरने के बाद भी जिंदा नहीं गाड़ पाएंगे। मोदी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस है, जो कहती है मोदी तेरी कब्र खुदेगी और दूसरी तरफ ये नकली शिवसेना है, जो मुझे जिंदा गाड़ने की बात करती है। मोदी ने कहा कि भारत की 140 करोड़ जनता मेरी रक्षक है। यह मातृत्व शक्ति मेरा रक्षा कवच है, मुझ पर मातृत्व शक्ति का इतना आशीर्वाद है कि ये लोग मोदी को जीते हुए भी और मरने के बाद भी जिंदा नहीं गाड़ पाएंगे।