
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। रविवार को अजय साह ने कांग्रेस के स्थापना दिवस पर उसके लोकतंत्र-विरोधी इतिहास को तथ्यों के साथ उजागर किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि कांग्रेस नेता के. राजू का यह बयान पूरी तरह सही है कि पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और कार्यशैली के बारे में देश की जनता को सच जानना चाहिए।



लोकतंत्र बचाने का दिखावा करने वाली कांग्रेस आज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार-केंद्रित संगठन बनकर रह गई है, जहां निर्णय संगठन या जनता नहीं, बल्कि एक ही परिवार के इर्द-गिर्द तय होते हैं।
कांग्रेस ने बार-बार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है। 1975 का आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब प्रेस की आजादी खत्म कर दी गई, विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया और संविधान को 42वें संशोधन के जरिए बंधक बना लिया गया।
अजय साह ने आगे कहा कि 5 जनवरी को मनरेगा कानून में बदलाव के विरोध की बात करने वाली कांग्रेस को पहले राज्य सरकार के खिलाफ राज्य सचिवालय के सामने प्रदर्शन करना चाहिए।
यही वह सरकार है जिसने मनरेगा घोटाले में जेल जा चुकी एक आईएएस अधिकारी को दोबारा सरकार में शामिल किया। कांग्रेस शासन में मनरेगा भ्रष्टाचार, फर्जी जॉब कार्ड और बिचौलियों का अड्डा बन गई थी, जहां गरीब श्रमिक केवल नाम के लाभार्थी रह गए थे।

