
रांची। राजधानी को राज्य के पहले ट्रासपोर्ट नगर की गुरुवार को सीएम हेमंत सरकार बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को रांची में स्थायी ठिकाना मिल गया है। इससे जाम से तो मुक्ति मिलेगी ही रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर से जहां यातायात और परिवहन व्यवस्था सुगम एवं सुदृढ़ होगा, वहीं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को गति मिलेगी। सीएम ने गुरुवार को राजधानी रांची के सुकुरहुटू में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर के फेज- 1 का उद्घाटन एवं फेज -2 की आधारशिला रखते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को कारोबार से संबंधित सभी सुविधाएं एक छत के नीचे मिल जायेंगी।



सीएम ने कहा कि राजधानी के लोगों को अब शहर के भीतर भारी वाहन नहीं दिखेंगे। जाम से मुक्ति और नो इंट्री से होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द शहर के मेनरोड और कचहरी की तरह यह इलाका भी जगमग दिखेगा। शहर के विस्तार में यह ट्रांसपोर्ट नगर मील का पत्थर साबित होगा। राज्य और देश के अलग-अलग कोने में आने जाने की व्यवस्था होगी। बाहरी चालक अक्सर शहर में रास्ता भूल जाते थे, अब ऐसा नहीं होगा। मौके पर नगर विकास मंत्री हफीजुल हसन, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, प्रधान सचिव सुनील कुमार, निदेशक सूडा अमित कुमार, डीसी मंजूनाथ भजंत्री, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त संदीप सिंह एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
सुविधाएं बढ़ायी जायेंगी : मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में आने वाले दिनों में जो जरूरत और आवश्यकता होगी, उसी के अनुरूप सुविधाओं में विस्तार किया जायेगा। फेज-2 में भी कई आधुनिक सुविधाएं यहां उपलब्ध कराया जाना है। सीएम ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर से इस इलाके में राजगार समेत कई अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर ट्रांसपोर्ट नगर से विकास को एक नया आयाम मिलेगा।
आज एलिवेटेड फ्लाई ओवर का करेंगे उद्घाटन : पूर्वोत्तर भारत का पहला फ्लाईओवर दो साल में कांटाटोली में बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को इसे राज्य की जनता को समर्पित करेंगे। इसके लिए संत पाल स्कूल को उद्घाटन स्थल बनाया गया है। उन्होंने यहां बन रहे वाटरप्रूफ पंडाल और मंच का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। सीएम यहीं से फ्लाईओवर का उदघाटन एवं शिलान्यास पट्ट का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही फ्लाईओवर को आम लोगों को आवागमन के लिए समर्पित करेंगे। फ्लाईओवर पर पूजा वाले स्थान पर फीता काट कर उदघाटन करने के बाद सीएम राजधानी के हरमू फ्लाईओवर का शिलान्यास, सहित डीएवी पुंदाग से डीएवी हेहल, खेलगांव नामकुम रोड सहित 2500 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास किया जायेगा। कांटाटोली फ्लाईओवर पूर्वोत्तर भारत का पहला प्रीकास्ट सेगमेंट्ल बाक्स गडर प्रणाली का फ्लाईओवर है

