
नई दिल्ली। देशभर में बारिश के कारण जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एमपी में भोपाल 34 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार को बादल फटने की घटना सामने आई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश के चलते नालों और नदी-नालों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।



इधर, राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश से हालात चिंताजनक हो गए हैं। धौलपुर, करौली, बारां, बूँदी और झालावाड़ समेत कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दलों को तैनात कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। दिल्ली, गाजियाबाद, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई है. भारी बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें लबालब हैं। जलभराव की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार सुस्त है. सुबह घर से निकलने वाले लोगों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, कई जगहों पर जलभराव के कारण जाम की भी स्थिति है।

