
गढवा। मझिआंव अंचल के अंचलाधिकारी प्रमोद कुमार अपनी प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में शनिवार को पकड़े गए। पत्नी ने सीओ को रंगेहाथ पकड़ने के बाद उन्हें कमरे में बंद कर दिया एवं खूब हंगामा किया। पत्नी गुस्से से आग-बबूला नजर आयी। काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची एवं सीओ की प्रेमिका को हिरासत में लिया और मामले की जांच में जुट गयी।



जानकारी के अनुसार शनिवार को मझिआंव अंचल के सीओ प्रमोद कुमार अपनी प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में थे, जिसकी सूचना उनकी पत्नी डॉ. श्यामा रानी को हुई। पत्नी शनिवार अहले सुबह चार बजे सरकारी आवास की दीवार फांदकर चुपके से घर में घुसी।
जब वो घर में दाखिल हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी, क्योंकि उनका पति किसी पराई औरत के साथ कमरे में रंगरलियां मना रहा था। पत्नी ने उन दोनों को रंगेहाथों पकड़ा। इसके महिला ने कमरे के सभी दरवाजे को बाहर से लॉक कर दिया। सीओ को जब इसकी भनक लगी तो वो गुस्से में आकर ताला खोलने के लिए चिल्लाने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन पत्नी के आगे किसी की नहीं चली। अंत में थक हारकर सीओ साहब छत से कूदने का नाटक कर हंगामा करने लगे। इस बीच मझिआंव पुलिस सीओ आवास से सीओ की प्रेमिका को हिरासत में लिया और महिला थाना के सुपुर्द कर दिया।
सीओ की पत्नी डॉ. श्यामा रानी ने कहा कि मुझे बहुत पहले से शक था, लेकिन आज रंगेहाथ पकड़ा गया। अब हम कानून का सहारा लेंगे। वहीं सीओ के ससुर सह पूर्व सांसद ने कहा कि हमको इंसाफ चाहिए। आप लोग स्थानीय है सब जानते हैं इस तरह का काम नहीं करना चाहिए था। वहीं डॉ. श्याम रानी के भाई रोशन कुमार ने कहा कि प्रेमिका को पुलिस के हवाले कर दिया है। हमलोग कानून का सहारा लेंगे। वहीं गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि ये मझिआंव सीओ का फैमिली मैटर है। इसको लेकर अब तक किसी पक्ष से कोई आवेदन नहीं आया है। अगर आवेदन दिया जाएगा तो इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

