
बीजिंग/वॉशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ युद्ध शुरू कर दिया है। जिसके जवाब में चीन और कनाडा की तरफ से जोरदार पलटवार किया गया है। मंगलवार को अमेरिका ने चीनी सामानों के आयात पर 20 प्रतिशत टैरिफ लागू करने की घोषणा कर दी है। जिसके जवाब में पलटवार करते हुए चीन ने कहा है कि अगर अमेरिका युद्ध चाहता है, चाहे वह टैरिफ युद्ध हो, व्यापार युद्ध हो या कोई अन्य प्रकार का युद्ध हो, “हम अंत तक लड़ने के लिए तैयार हैं”। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से कहा कि चीन के साथ डराना-धमकाना काम नहीं करेगा। टैरिफ को लेकर चीन का पलटवार अमेरिका के लिए झेलना आसान नहीं होगा और एक्सपर्ट्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या अमेरिका की जनता कीमतों में भारी इजाफे को बर्दाश्त करने के लिए तैयार है?



चीन की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से मंगलवार को अमेरिकी संसद में अपने संयुक्त कांग्रेस संबोधन के दौरान चीन और भारत सहित कई देशों के खिलाफ पारस्परिक शुल्क लगाने की कसम खाने के कुछ ही देर बाद आई है। उन्होंने कहा कि यह कदम “अमेरिका को फिर से समृद्ध” बनाने की दिशा में है। जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन ने कहा है कि फेंटेनाइल मुद्दा “चीनी आयातों पर अमेरिकी टैरिफ बढ़ाने का एक तुच्छ बहाना” है। उसने कहा कि इस संकट के लिए केवल अमेरिका ही जिम्मेदार है।

