
रांची : जाने माने अर्थशास्त्री और विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ रमेश शरण का कोलकाता में इलाज के दौरान निधन हो गया। मंगलवार दोपहर बाद हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा।



फेफड़े में संक्रमण होने के कारण डॉ रमेश शरण की तबीयत बिगड़ गयी थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ रमेश शरण को इसी साल फरवरी में विनोबा भावे विश्वविद्यालय का लोकपाल नियुक्त किया गया था।
इनकी नियुक्ति तीन साल के लिए की गयी थी। लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही डॉ रमेश शरण का निधन हो गया।
डॉ रमेश शरण के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा है कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ० रमेश शरण का असामयिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है साथ ही इस सूचना से मैं व्यक्तिगत रूप से काफी मर्माहत हूं।
मरांग बुरु से उनकी आत्मा की शांति और उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।

