
रांची। रांची में महापर्व छठ को लेकर 27 और 28 अक्टूबर दो दिनों तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कांके रोड में राम मंदिर से चांदनी चौक तक एक लेन को फ्री रखा गया है। यहां रस्सी के सहारे रास्ते को दो भागों में बांटा गया है। एक भाग सिर्फ छठ व्रती को चलने के लिए सुरक्षित रखा गया है। वहीं चडरी रोड में भी वाहनों की इंट्री पर रोक लगा दी गई है।
मेन रोड की ओर से परिचालन करने वाले वाहन सवार को अल्बर्ट एक्का चौक से तालाब की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा सर्कुलर रोड से परिचालन करने वाले वाहन सवार को जेल मोड़ से चडरी तालाब की ओर आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। इस मार्ग को सिर्फ छठ व्रती के लिए सुरक्षित रखा गया है।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने रविवार को बताया कि बड़ा तालाब के अलावा अन्य सभी तालाब तक पहुंचने वाले छठ व्रतियों की किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बड़ा तालाब के चारों तरफ एप्रोच रोड में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एप्रोच रोड में वाहनों की इंट्री पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में किसी भी हाल में तालाब तक वाहन को नहीं ले जाया जा सकता है। एप्रोच रोड से पैदल ही लोग तालाब तक पहुंच सकेंगे।
