
रांची। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के इस बार काशी के गंगा घाट थीम पर पंडाल बना रहा है। समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस दौरान काशी के प्रसिद्ध घाटों को दिखाया जाएगा। साथ ही एक महल का निर्माण भी होगा, जिसमें मां भवानी का दरबार सजेगा। घाट पर साधु का भी सिलिकॉन का प्रतिमा रहेगा, जो पूजा करते दिखेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आरती करते हुए सिलिकॉन कि जिवंत प्रतिमा रहेगी। इस बार मां कि प्रतिमा भी सिलिकॉन की रहेगी। इस बार पूजा का बजट लगभग 40 लाख रूपया रखा गया है।



सिंह ने बताया कि इस वर्ष फिर से मां भवानी के भक्तों के बीच आकर्षक पूजा पंडाल मनोरम मां भवानी का दरबार एवं मधुर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के पंचमी तिथि से पूजा पंडाल का अनावरण किया जाना है। पंचमी तिथि को बिहार के सुप्रसिद्ध गायक पवन सिंह के द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
वहीं प्रसिद्ध भजन गायिका शालिनी और सोना सिंह अपने भजनों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के बीच करेंगी। जबकि नवरात्र के छठे दिन अरविंद अकेला कल्लू के द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी और इनका साथ देने के में अनुपम यादव,शिवानी सिंह, आलोक सिंह, यामिनी सिंह, आस्था सिंह भी एक से बढ़कर एक भजनों को प्रस्तुत करेंगी।
सप्तमी की संध्या में बनारस से आए 11 पुरोहितों के द्वारा काशी विश्वनाथ गंगा आरती के तर्ज पर मां भवानी की महाआरती आयोजित की जाएगी। दशमी को महाकाल उज्जैन के प्रसिद्ध भजन गायक गजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुति की जाएगी। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति महिलाओं और आए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा का हर संभव पुख्ता इंतजाम करेगा। पूजा पंडाल के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे।

