
विजयवाड़ा । तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुना गया। विजयवाड़ा में आयोजित तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों की बैठक में नायडू को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।



राजग की बैठक में भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की प्रमुख डी पुरंदेश्वरी और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण भी शामिल हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर नायडू का समर्थन किया। तेदेपा नेता के अचेन नायडू ने कहा कि इससे पहले सुबह नायडू को सर्वसम्मति से पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया।
पवन कल्याण को चुना गया जनसेना विधायक दल का नेता, बन सकते हैं डिप्टी सीएम
फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने विधानसभा में 21 और लोकसभा में 2 सीट हासिल की है। पार्टी के बढ़ते कद के बीच पवन कल्याण को जनसेना विधायक दल का नेता चुना गया है। आज सुबह मंगलगिरी स्थित पार्टी मुख्यालय में जनसेना विधायक दल की बैठक हुई।
इस बैठक में तेनाली से विधायक नादेंदला मनोहर ने जनसेना विधायक दल के नेता के रूप में पवन कल्याण के नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस पर मुहर लगा दी है। ऐसे में अब कहा जा रहा है कि पवन कल्याण आंध्र प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम बन सकते हैं।
पार्टी में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पवन कल्याण ने विजयवाड़ा में एनडीए नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया। जहां वह टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के साथ दिखाई दिए। दोनों ही नेता एक दूसरे को गले लगे और अपने-अपने विधायकों और कार्यकतार्ओं को अभिवादन किया। इस बैठक में आंंध्र प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी भी शामिल हुए।
175 सीट में से 164 पर एनडीए ने दर्ज की जीत
बता दें कि आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में टीडीपी, जनसेना पार्टी और बीजेपी ने मिलकर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। यह चुनाव एनडीए के बैनर के तले लड़ा गया। तीनों ही पार्टियों ने इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीट में से जनसेना के 21 विधायक चुनाव जीते हैं। टीडीपी ने 135, बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस तरह एनडीए ने विधानसभा चुनाव में 175 सीट में से 164 पर जीत दर्ज की है। वाईएसआर कांग्रेस को सिर्फ 13 ही सीटें मिलीं और राज्य विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है।

