
रामगढ़। रामगढ़ और हजारीबाग जिले के सीमावर्ती गिद्दी क्षेत्र में अपराधियों ने सीसीएल कर्मी मंगलेश सिंह उर्फ हैप्पी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना गिद्दी ए स्थित सीसीएल क्वार्टर की है, जहां दो अपराधियों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। रविवार को पुलिस वहां पहुंची और पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात मंगलेश सिंह अपनी पत्नी के साथ घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान दो लोग उनके घर पहुंचे और उन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि अपराधियों के सामने पत्नी बार-बार अपने पति को छोड़ देने की गुहार लगाती रही। उन्होंने अपराधियों से कहा कि वे चाहें तो घर का सामान ले जाएं, लेकिन उनके पति को नुकसान न पहुंचाएं। इसके बावजूद अपराधियों ने उनकी एक नहीं सुनी और मंगलेश सिंह पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मृतक की पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप लगा दिया, ताकि वह किसी को घटना की जानकारी न दे सकें। सुबह होने पर जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने महिला को बंधन से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि मंगलेश सिंह का पैर पहले से टूटा हुआ था। ऐसे में घर में घुसकर उन पर किया गया हमला कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए रविवार को फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।पुलिस उस इलाके का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। इसके अलावा संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। मृतक के परिजनों से भी अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

