
बोकारो। बोकारो उपायुक्त विजया जाधव के आवास से 95 हजार कैश, लाखों रुपए के जेवरात, कपड़े और सौंदर्य प्रधान की सामानों की चोरी कर ली गई है। उपायुक्त आवास में कार्यरत होमगार्ड सोनी कुमारी के आवेदन पर सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) आलोक कुमार ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। उपायुक्त आवास में कार्यरत संविदा कर्मी पारो देवी और अंबिका से पूछताछ कर रही है। पुलिस स्थानीय तालाब और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच अभियान चला रही है ताकि जल्द से जल्द इस चोरी की घटना का उद्भेदन किया जा सके।



आवास की सफाई के दौरान दिया घटना को अंजाम
उपायुक्त आवास में तीन महिला होमगार्ड सोनी देवी, मंजू देवी और गोपा देवी की तैनाती है। सफाई के लिए संविदा आधारित दो महिला सफाईकर्मी पारो देवी व अंबिका कुमारी की तैनाती है। डीसी की गैरहाजरी में आवास की सफाई के दौरान चोरी की घटना को अंजाम देने की आशंका है।
महिला कर्मियों के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत : सिटी पुलिस ने महिला होमगार्ड सोनी देवी की लिखित शिकायत पर दोनों महिला सफाईकर्मियों को संदेही आरोपी बनाते हुए चोरी की प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद में जुटी है। शुक्रवार सुबह डॉग स्क्वायड टीम व फिंगर एक्सपर्ट के साथ जांच शुरू हुई तो चोरी का सुराग सामने आया। चोरी की संपत्ति को चास थाना क्षेत्र के शिवपुरी स्थित महतो तालाब के गहरे पानी में डालकर छुपाया गया। गोताखोरों की मदद से चोरी गए गहनों की तलाश जारी है। चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। डीसी के घर से चोरी होना बड़ी बात कही जा रही है। इससे लोगों में भय बढ़ गया है। लोगों में चोरों का खौफ बढ़ गया है।

