
गढ़वा। झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गढ़वा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर आदिवासी राज्य के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आगामी चुनाव झामुमो सरकार को सत्ता से बेदखल कर देंगे और भाजपा प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकतार्ओं और वालंटियर से बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने और विधानसभा चुनावों में भाजपा को विजयी बनाने का आग्रह किया।



प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरे राज्य में एक नारा गूंज रहा है- रोटी, बेटी और माटी की पुकार। अगले दो दशकों को राज्य के साथ-साथ देश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
झारखंड के विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने झारखंड को तेजी से विकास की राह पर लाने और यहां के लोगों की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए अलग राज्य की नींव रखी। उन्होंने आगे कहा कि यह हेमंत सरकार है जो विकास की राह में बाधाएं डाल रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के लिए भाजपा के संकल्प पत्र की भी प्रशंसा की और कहा कि महिला निवासियों का कल्याण और सुरक्षा पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने झारखंड के लिए भाजपा की प्रस्तावित योजनाओं जैसे गोगो दीदी योजना (महिलाओं के लिए 2100 रुपये मासिक) और 500 रुपये में गैस सिलेंडर के बारे में बात करते हुए कहा कि यह केंद्र की प्रमुख उज्ज्वला योजना की तरह ही राज्य की महिलाओं को सशक्त बनाएंगे।
उन्होंने इंडी गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों को भी निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने उन पर झूठे वादों के साथ लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अपनी गारंटी पूरी करने का ट्रैक रिकॉर्ड है, जबकि झामुमो, कांग्रेस और अन्य झूठे लोगों का एक समूह हैं जो झूठे वादों के साथ लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं।
हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाया
पीएम मोदी ने कहा- ‘आजादी के बाद ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है- जनता से झूठ बोलना, जनता को धोखा देना। ये झूठे वादे करके मतदाताओं को धोखा देते हैं। हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं। अभी हाल ही में हरियाणा ने इन्हें सबक सिखाया है।’ उन्होंने कहा- ‘आज कल अफवाहें फैलाने का बड़ा उद्योग चल पड़ा है। कुछ लोग भांति-भांति की दुकानें खोलकर बैठे हैं और अफवाह फैलाने का माल बेच रहे हैं। आपको ऐसी किसी भी अफवाह में नहीं आना है।’’
मंत्री-विधायक-सांसद पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप
पीएम मोदी ने कहा- ‘भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश को खोखला करता है। भ्रष्टाचार, गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सबसे ज्यादा दुखी करता है, बर्बाद कर देता है। झारखंड ने तो बीते 5 सालों में देखा है कि कैसे जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी सरकार ने भ्रष्टाचार किया है। मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो, सांसद हो… ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं।
परिवारवादी पार्टी के लोग सत्ता की चाबी अपने पास रखना चाहते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वह है- परिवारवाद। जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। इनके लिए अपने परिवार से बड़ा कुछ नहीं है, वो आप लोगों की परवाह क्या ही करेंगे। ऐसे स्वार्थी दलों को अच्छे से सबक सिखाना है। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे। चंपई सोरेन के साथ इन लोगों (जेएमएम) ने क्या किया। इन लोगों ने एक आदिवासी बेटे को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी ने युवाओं के साथ धोखा किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। पीएम मोदी ने कहा- ‘झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है। इन्होंने (जेएमएम-कांग्रेस) झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई।

