रांची। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर झारखंड में भी अब अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस बुलडोजर चला रही है। इसका ताजा उदाहरण राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में देखने को मिला। हत्या के आरोपी की ओर से नामकुम स्टेशन के निकट रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर होटल का संचालन किया जा रहा था। आरोपी उसी होटल के पीछे में रहता भी था। रांची पुलिस की ओर से उस पर बुलडोजर चला कर उसे ध्वस्त किया गया है।

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में होली के दिन 15 मार्च को जोरार बस्ती में हुई पत्थरबाजी और मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मारपीट में घायल हुए सोनू मुंडा की इलाज के दौरान मौत हो गई। मुख्य आरोपी शत्रुधन राय के अवैध भोजनालय को भी पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार बस्ती में हिंसक घटना हुई। पत्थरबाजी और मारपीट में कई लोग घायल हुए। इस घटना में सोनू मुंडा नाम के व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने इस मामले में 110/25 नंबर की एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में कई धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें 191(2)/191(3)/190/126(2)/ 115(2)/118(1)/109/352/351(2) -(3) बीएनएस 2023 और 27 आर्म्स एक्ट शामिल हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version