पटना । बिहार की राजनीति के बाहुबली नेता आनंद मोहन के परिवार का प्रभाव शिवहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मजबूत बना हुआ है। माना जा रहा है कि उनके दोनों बेटे इस विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार हो सकते हैं। चेतन आनंद शिवहर से और उनके छोटे भाई अंशुमान आनंद औरंगाबाद के नबीनगर से चुनाव लड़ सकते हैं। शिवहर से मौजूदा विधायक चेतन आनंद जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से टिकट मिलने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। पटना में लॉबिंग करने के बजाय, वह आत्मविश्वास के साथ अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने बेफिक्र होकर कहा कि जब चिंता ही नहीं है, तो टिकट कटने की चिंता क्यों करें? पिछले साल, चेतन आनंद राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से बागी होकर जेडीयू के पाले में आ गए थे और नीतीश कुमार सरकार को समर्थन दिया था।

आनंद मोहन के छोटे बेटे अंशुमान आनंद अपनी राजनीतिक पारी की शुरूआत जेडीयू से कर रहे हैं और उनके औरंगाबाद के नबीनगर से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। अंशुमान ने पिछले साल अपनी माँ लवली आनंद के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जॉर्ज फर्नांडिस की नीतियों से प्रभावित होकर जेडीयू में शामिल होने की बात कही थी।

1995 से लेकर अब तक शिवहर की राजनीति पर आनंद मोहन का प्रभाव निर्विवाद रहा है। विरोधी भी दबे स्वर में यह स्वीकार करते हैं कि आनंद मोहन किसी भी पार्टी से टिकट दिलवाने में सक्षम हैं, और अक्सर अंतिम समय में उनकी पसंद का सदस्य टिकट पाने में सफल हो जाता है, भले ही दूसरे उम्मीदवार वर्षों से तैयारी कर रहे हों।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version