हजारीबाग। उरीमारी में एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। जेएमएम के जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के अंगरक्षक निरंजन महतो का शव एक ऐसे घर से बरामद किया गया, जिसके अंदर से बंद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और मौत की असल वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी की है। मृतक निरंजन महतो हजारीबाग पुलिस में सिपाही के पद पर पदस्थापित थे और जेएमएम जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत थे। घर के अंदर उनका शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल निरंजन महतो की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। बड़कागांव के एसडीपीओ अमित आनंद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एफएसएल टीम की जांच के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version