रांची। भाजपा के झारखंड प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा है कि पार्टी का लक्ष्य 2029 में झारखंड में सरकार बनाने के लिए मजबूत संगठन तैयार करना है। सोमवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राज्य है और कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारी में जुटना होगा।

पटेल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली में जीत हासिल की है और झारखंड में भी पार्टी पहले कई बार सरकार बना चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ 2029 के लक्ष्य के लिए लगातार काम करना होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए पार्टी की उपलब्धियों और कमियों की समीक्षा करने तथा प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा और मंडल स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से झारखंड के कार्यकर्ताओं की है। प्रदेश प्रभारी के रूप में वे कार्यकर्ताओं के साथ सहयोगी की भूमिका में काम करेंगे। पटेल ने आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी ने अपने कार्य की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर पवित्र मिट्टी को नमन करने से की है।

वहीं, संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन विस्तार को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण आधार है।

इस दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई दी गई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version