
रांची। भाजपा के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने गुरुवार कहा कि भाजपा सिर्फ झूठ और सत्ता पाने की लालसा के सहारे गंदी राजनीति कर रही है। सूर्या हांसदा एनकाउंटर पर बिना तथ्य राज्यवासियों के बीच भ्रामक प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सूर्या हांसदा की मौत को आदिवासी समाज से जोड़कर जनता को गुमराह कर रहा है, जबकि हांसदा का एनकाउंटर उसके घनघोर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण हुआ। सरकार ने मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित की है, लेकिन भाजपा राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटी है।



पांडेय ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसे केवल केंद्रीय एजेंसियों पर भरोसा है और इन्हीं के जरिए गैर-भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को अस्थिर करने की साजिश रची जाती है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार राज्य के हर वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए काम कर रही है, जबकि भाजपा नेताओं के पास जनहित की कोई नई सोच नहीं है।
झामुमो प्रवक्ता ने नगड़ी स्थित रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि परियोजना राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए है और प्रभावित रैयतों को उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है। भाजपा किसानों के नाम पर झूठ बोलकर विकास रोकने की कोशिश कर रही है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा नेताओं को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल के घोटालों और वादाखिलाफी का जवाब देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार आदिवासियों, रैयतों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता ने बार-बार झूठ की राजनीति को नकारा है और आगे भी नकारेगी।

