
नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आए लगभग सभी एग्जिट पोल में बीजेपी के 26 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान खत्म हो चुका है। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। चुनाव के बाद लगभग सभी चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों ने बीजेपी की जीत और आम आदमी पार्टी की हार का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकतर सर्वेक्षणों में एक बार फिर संभावना जताई गई है कि कांग्रेस के लिए खाता खोलना भी मुश्किल हो सकता है।
एसएएस एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल में बीजेपी को 38 से 41 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर होती दिख रही है। आप का सीटों का आंकड़ा 62 से घटकर 27 से 30 के बीच थमता नजर आ रहा है। वहीं, कांग्रेस के लिए कुछ सांत्वना दिख रही है। पार्टी को 1 से 3 सीट मिलने की बात कही गई है।



दो एग्जिट में पोल में राजधानी में फिर से झाड़ू चलने की बात सामने आ रही है। वी प्रीसाइड और माइंड ब्रिंक एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सत्ता विरोधी लहर को मात दे रही है। वी प्रीसाइड एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 46 से 52 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, माइंड ब्रिंक एग्जिट पोल के अनुसार आप 44 से 49 सीटें जीतकर फिर से सरकार बना सकती है।
दिल्ली चुनाव को लेकर डीवी रिसर्च एग्जिट पोल में बीजेपी सरकार बनने की बात कही गई है। इस एग्जिट पोल में बीजेपी को 36-44 मिलने का अनुमान है। वहीं, आम आदमी पार्टी को इस पोल से निराशा हाथ लगेगी। आप को 26-34 सीट मिलने की बात कही गई है। वहीं, कांग्रेस को इस एग्जिट पोल में जीरो सीट मिलने की बात कही गई है।
खास बात है कि 8 में से 6 एग्जिट पोल में बीजेपी तो 2 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। इन एग्जिट पोल नतीजों में कांग्रेस को निराशा हाथ लगती दिख रही है। एक एग्जिट पोल को छोड़ दे तो कांग्रेस को 0 से 1 ही सीट देखने को मिल रही है। सिर्फ एक चाणक्या स्ट्रैटीज एग्जिट पोल में 2-3 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद पोल डायरी एग्जिट पोल के अनुसार भी दिल्ली में बीजेपी का कुर्सी का वनवास खत्म होता दिख रहा है। इस एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को 42 से 50 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, आम आदमी पार्टी 18 से 25 सीट तक सिमटती दिख रही है। हालांकि, कांग्रेस को 0-2 सीट मिलने का अनुमान है।

