
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने इस साल के अंत में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा के वास्ते मंगलवार को एक बैठक की।



बैठक में, उन्होंने हाल में संपन्न लोकसभा चुनावों में राज्य में पार्टी के प्रदर्शन की भी समीक्षा की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ सहित पार्टी के झारखंड कोर ग्रुप के नेता शामिल हुए।
बैठक के बाद मरांडी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘बैठक में हाल में संपन्न लोकसभा चुनावों की समीक्षा के अलावा, नवंबर-दिसंबर में होने वाले संभावित विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई।’’

