
डेहरी आॅन सोन। करवंदिया थानाक्षेत्र के अमरा तालाब के निवासी एवं व्यवसायी सुरज प्रसाद के फिरौती के लिए अपहरण में शामिल पचास हजार का इनामी अशोक सह उर्फ अशोक मास्टर को रोहतास पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया। एसपी रौशन कुमार के अनुसार सुराज प्रसाद अपहरणकर्ताओं के द्वारा एक उजले रंग के स्वीफ्ट डिजायर कार से अमरा तालाब में पुरानी जीटी रोड पर स्थित हरि ओम मेडिकल के सामने से अपहरण कर लिया गया था। फिरौती के रूप में पचास लाख रुपए की मांग की गयी थी। उन्होने बताया कि इस घटना में अपहृत की सकुशल बरामदगी एवं संलिप्त अपहरणकतार्ओं की गिरफ्तारी के लिए सासाराम के एसडीपीओ एक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था, जिसमें थानाध्यक्ष करवंदिया एवं तकनिकी सहायता हेतु जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया था।



गठित टीम के द्वारा अनुसंधान प्रारंभ करते हुए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरा का अवलोकन एवं घटनास्थल के तकनिकी विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ की इस घटना को अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर गिरोह के द्वारा अंजाम दिया गया है। इस घटना में इनके अलावा इनके गिरोह के सात लोग संलिप्त पाये गये थे।
उन्होंने बताया कि तकनिकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं प्राप्त आसूचना के आधार पर इस काण्ड के अपहृत व्यवसायी सुरज प्रसाद को चार घंटे के अंदर नासरीगंज थानाक्षेत्र के सोन नदी के किनारे स्थित पडुरी गॉव से सकुशल बरामद कर लिया गया था। इस कांड में संलिप्त इनके गिरोह के सात अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था, जबकि इस गिरोह के सरगना अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर घटना के बाद से फरार हो गया था ।
एसपी ने बताया कि आसूचना प्राप्त हुई कि इस गिरोह के फरार सरगना अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर झारखंड के पलामू जिला के हुसैनाबाद थानाक्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया गाँव में आया हुआ है’ इस सूचना पर गठित टीम के द्वारा तकनिकी विश्लेषण के आधार पर गम्हरिया गाँव में छापामारी की गई जहाँ एक घर से कुख्यात अपराधकर्मी अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर को गिरफ्तार किया गया। उन्होने बताया कि गिरफ्तार सरगना अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर ने गठित टीम के समक्ष पूछताछ में इस घटना एवं इस घटना के अलावा कई फिरौती हेतू अपहरण की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार किये है।
उन्होने बतया कि गिरफ्तार सरगना अशोक साह उर्फ अशोक मास्टर पूर्व में कई हत्या, फिरौती हेतु अपहरण एवं शस्त्र अधिनियम के काण्डों में आरोप पत्रित हैं।इसकी गिरफ्तारी पर पचास हजार का ईनाम सरकार के द्वारा घोषित की गई थी।इनके गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्य तथा इनका नेटवर्क के संबंध में जॉच की जा रही है, जॉचोपरांत इनके विरूद्ध सक्ष्यानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।इनके अन्य अपराधीक इतिहास के संबंध में जाँच की जा रही है।एसपी ने बताया कि पुलिस टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया जा रहा है।

