
पटना । बिहार की खुशबू कुमारी ने महिला राष्ट्रीय भारत्तोलन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 और 71 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते है।
खेल विभाग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि बिहार के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। खुशबू कुमारी ने ब्रह्मपुर, ओडिशा में आयोजित अश्मिता खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर और सीनियर महिला स्नैच 75 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क 71 किलोग्राम भार वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते। उनका यह प्रदर्शन राज्य के लिए गर्व का क्षण है।



पटना की खुशी के माता-पिता गली-गली घूमकर केला, सेब, अनार बेचते हैं। उनकी मेहनत का फल यह निकला कि बेटी खेलो इंडिया राष्ट्रीय महिला भारोत्तोलन में स्वर्ण ले आई। पुरस्कार के रूप में उन्हें 10 हजार रुपये भी मिलेंगे, इससे वह जूते खरीदेगी, जो उसके पास नहीं है। इन संघर्षों से खुशी के हौसले लघु नहीं हो रहे हैं। पिता की शाबाशी उन्हें हमेशा विराट करने को उत्साहित कर रही है।
दानापुर के रहने वाली 17 साल की खुशी ने इसी साल 12वीं की परीक्षा दी है। उनकी तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है। भाई सीआइएसएफ चंडीगढ़ में कार्यरत है। बचपन से भार उठाने का शौक रखने वाली खुशी ने इससे पहले तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीता था। वहीं इंदौर में हुई खेलो इंडिया में उन्होंने चौथी रैंक हासिल की है।
खुशी के माता-पिता राजाबाजार में फल बेचते हैं। वह कहती हैं कि महिला भारोत्तोलन में मैंने स्वर्ण जीतकर पिता को फोन किया तो वे आंसू नहीं रोक पाए। कहा- शाबाश बेटा। खुशी कहती हैं कि मुश्किलें तो बहुत हैं पर पापा कहते हैं, हार नहीं मानना है। मां भी खूब हौसला देती हैं।
इनाम के रुपयों से खरीदेंगी जूते : खुशी ने बताया कि भारोत्तोलन की महंगी किट खरीदना हमारे लिए आसान नहीं है। स्वर्ण जीतने पर दस हजार रुपये मिलेंगे। खाते में पैसा आते ही जूते खरीदूंगी, क्योंकि मेरे पास लिफ्टिंग शू नहीं है। खुशी कहती हैं कि उनके कोच रंजन, बिहार भारोत्तोलन संघ के सचिव अरुण केसरी और पटना भारोत्तोलन संघ के सचिव उपेंद्र कुमार ने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाने में बड़ी भूमिका अदा की है।

