
पटना। भारतीय रेल की ओर से पूजा के पहले तीन अमृत भारत एक्सप्रेस समेत सात नए ट्रेनों का तोहफा मिलने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को पटना जंक्शन से इन सात ट्रेनों की सौगात बिहार के लोगों को सौंपेगे। इन ट्रेनों के चलने से पटना से नवादा सीधी रेल सेवा से जुड़ जाएगी।
शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ के रास्ते नवादा से पटना के लिए पैसेंजर ट्रेन के चालू हो जाने से बरबीघा-अस्थावां-बिहार शरीफ रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन का इस क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा हो जाएगा। पटना-इसलामपुर पैसेंजर एवं नवादा-पटना पैसेंजर का परिचालन नई लाइन जट डुमरी-फाजिलचक-तोपसरथुआ-दनियावां के रास्ते किया जाएगा जिससे इस क्षेत्र लोगों को भी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
तीन अमृत भारत एक्सप्रेस में मुजफ्फरपुर से हैदराबाद के समीप चर्लपल्ली के बीच, दरभंगा से अजमेर के समीप मदार जंक्शन के बीच तथा छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेगी। मुजफ्फरपुर से चर्लपल्ली के चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से दक्षिण भारत के लिए पहली अमृत भारत ट्रेन होगी, जबकि छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार से दिल्ली के लिए छठी अमृत भारत ट्रेन होगी। इससे पहले बिहार को 10 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा मिल रही है और अब इन तीन नई अमृत भारत ट्रेनों के शुरू होने से राज्य की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
