
पटना। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित होने वाली पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने बुधवार को जारी आधिकारिक सूचना में बताया कि 27 मई 2026 को दो पालियों में प्रस्तावित मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से रद्द किया गया है।
आयोग ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथि की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी नई जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करें।
सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं से रहें सावधान
BPSSC ने अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
आयोग ने परीक्षा से जुड़े मामलों में दलालों से भी सावधान रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।
नई तारीख का करना होगा इंतजार
विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत पुलिस अवर निरीक्षक पद पर भर्ती के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल हैं। मुख्य परीक्षा रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि की घोषणा का इंतजार करना होगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे नियमित रूप से BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी निर्देश वहीं जारी किए जाएंगे।
