
बेतिया। लौरिया विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के वीआइपी समर्थित उम्मीदवार रणकौशल प्रताप सिंह 373 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार इनके पास 2.58 करोड़ की कृषि योग्य भूमि है। जबकि पटना, बेतिया, बांका में इनके पास 57 प्लाट गैर कृषि योग्य भूमि है। पटना, दानापुर समेत अन्य जगहों पर इनके पास 12 कमर्शियल बिल्डिंग है।



विभिन्न बैंकों से 14. 48 करोड़ का लोन भी है। इनके पास शेयर इन इंडियन कंपनिज, बसुधा आर्गेनिक मिल्क सेंटर, नेशनल पेंशन स्कीम, निपान लाइफ, एसबीआइ पीपीएफ, एचडीएफसी एग्रो हेल्थ इंश्योरेंस, केयर हेल्थ इंश्योरेंस आदि बांड में करोड़ों का निवेश है। इनके पास ट्रैक्टर समेत पांच गाड़ियों है, जिसमें टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस, टोयोटा फॉर्च्यूनर लेजेंडर, क्रेटा और आडी कार भी है। 80 लाख का सोना और आठ लाख का हीरे हैं। इनके पास रायफल ओर पिस्टल भी है। जबकि इनकी पत्नी सलोनी सिंह के पास भी 131 करोड़ की संपत्ति है।
एक करोड़ के आसपास विभिन्न बैंकों का लोन है। इनकी पत्नी के पास 3.34 करोड़ का सोना है। 59 लाख का फर्नीचर है। मिच्युल फंड, इपीएफ, शेयर आदि में भी करोड़ों का निवेश है। इनकी पत्नी के पास टाटा नैनो एवं टाटा नेक्सान कार भी है। इनकी दोनों पुत्रियां श्रीजा सिंह और रिद्धि सिंह भी करोड़ों की मालिक है। श्रीजा सिंह के पास 3.18 करोड़ की संपत्ति है। जबकि रिद्धि सिंह के पास 2.67 करोड़ की संपत्ति है। इनके पास भी संपतचक पटना में करीब एक-एक करोड़ का प्लाट है। दोनों बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना , पीपीएफ, मिच्यूल फंड , सोना और बांड है।

