
पटना । लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को कहा कि बिहार विधानसभा सभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक (राजग) की प्रचंड जीत का उन्हें पूर्वानुमान था और महागठबंधन दूर दूर तक कहीं मुक़ाबले में नही दिख रहा था।



श्री पासवान ने आज यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राजनीतिक जीवन का पराभव 2005 में नीतीश कुमार के आने के बाद ही हो गया था। उन्होंने कहा कि 2015 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दामन थामने से उन्हें संजीवनी मिली थी। पुनः अलग होने के बाद उनकी पार्टी हाशिये पर चली गयी। उन्होंने कहा कि 2020 के चुनाव में राजद के राजनीतिक उदय को लोगों ने पार्टी की बढ़ती ताकत से जोड़ा, जबकि वास्तविकता यह थी कि पांच साल पहले राजग के बंटे होने का उन्हें लाभ मिला था। उन्होंने कहा कि 2020 में लोजपा (रामविलास) अकेले लड़ी थी, जिसका उनकी पार्टी और राजग दोनो को नुकसान हुआ था। उन्होंने कहा कि इस बार राजग की एकता देखने लायक थी। सभी पांचों घटक दल एकजुट थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस तालमेल से प्रचार किया उससे जनता का राजग में आत्मविश्वास बहुत बड़ा। उन्होंने उन सभी अफवाहों का खंडन किया जिसमें कहा जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी नही बनती है।
लोजपा (रामविलास) के नेता ने कहा कि एक तरफ जहां राजग एकजुट था, वहीं महागठबंधन के घटक दल आखिरी समय तक सीट बंटवारे के लिए लड़ते रहे। यहां तक कि उनके गठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा भी काफी आनाकानी के बाद हुई थी।
श्री पासवान ने कहा कि बिहार चुनाव में यह उनकी पार्टी की दूसरी बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान के नेतृत्व में उनकी पार्टी ने 2005 के फरवरी महीने में 29 सीटें जीती थी लेकिन वह खुशी ज्यादा समय तक कायम नही रही और उसी साल पुनः हुए बिहार विधानसभा चुनाव में घर आई खुशी वापस जाती रही।
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने बहुत उतार चढ़ाव देखे हैं और एक समय तो 2020 के चुनाव के बाद लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया था, लेकिन 2024 के चुनाव में पांच सांसदो के जीतने और 2025 के विधानसभा चुनाव में 19 विधायकों के सदन में पहुंचने के बाद लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उनका नारा ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ कायम है और लोजपा (रामविलास) विकसित बिहार के संकल्प के साथ काम करती रहेगी। श्री पासवान ने आज के कार्यक्रम में सभी जीत कर आये विधायकों की उपस्थिति में राजू तिवारी को बिहार विधानसभा में लोजपा (रामविलास) विधायक दल का नेता घोषित किया।

