
पटना/गया। उपमुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा केंद्र को नारायणी-गंगा कॉरिडोर का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इस कॉरिडोर से राज्य के उत्तर-दक्षिण हिस्से को संपर्कता मिलेगी। यह नए हाईस्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा। इसमें गंडक नदी पर एक नए पुल का प्रस्ताव भी शामिल है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर से राज्य के उत्तर-पश्चिम कोने की सीधी संपर्कता दक्षिण-पश्चिम कोने से हो जाएगी। इससे भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण जिले को त्वरित संपर्कता हासिल होगी।
पटना-आरा-सासाराम कॉरिडोर से होगा कनेक्ट : प्रस्तावित कॉरिडोर बगहा से आरा के पातर के बीच बनेगा। यह कॉरिडोर पटना-आरा-सासाराम हाईस्पीड कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। अभी आरा व छपरा के बीच गंगा पर जो पुल है, उस पर वाहनों का अधिक दवाब है। इस वजह से गंगा नदी पर रिविलगंज में एक और पुल के निर्माण पर विचार किया जा रहा।
विजय सिन्हा ने बताया कि यह प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लक्ष्य के अनुरूप त्वरित संपर्कता उपलब्ध कराने की दिशा मे भी यह कॉरिडोर निर्णायक साबित होगा।
