
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों और सेना के जवानों के बीच सोमवार को भीषण मुठभेड़ में सेना के 4 जवान शहीद हो गए और 6 अन्य घायल हो गए। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर का कठुआ जिला पंजाब के पठानकोट जिले से सटा हुआ है। सेना के सूत्रों ने बताया कि आतंकियों की तरफ से पहले हमले किए गए, जवान की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गयी। सेना के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर लोहई मल्हार स्थित बदनोता गांव में हुई, जब सेना के कुछ वाहन इलाके में नियमित गश्त पर थे उसी समय आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाया। शुरूआती हमले के बाद आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी की. सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन आतंकवादी पास के जंगल में भाग गए।



सेना का सर्च आॅपरेशन जारी : आतंकी हमले के बाद सेना की तरफ से पूरे इलाके में सर्च आॅपरेशन की शुरूआत की गयी है। आतंकियों के तमाम संदिग्ध ठिकानों पर सेना की तरफ से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कठुआ और जम्मू के आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं।
कुलगाम में मारे गए थे 6 आतंकी : जम्मू कश्मीर के कुलगाम में दो जगह चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने छह आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। मारे गए आतंकियों के ठिकाने से जुड़ा एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दिख रहा था कि एक घर में बनी आलमारी के भीतर आतंकियों ने गुप्त ठिकाना बना रखा था। हाल के दिनों में सिर्फ़ कुलनाम में हिज्बुल के छह आतंकी मारे गये हैं। साथ में दो जवान भी शहीद हुए हैं. सुरक्षा बलों का दावा है कि मारे गये आतंकियों की मदद स्थानीय लोग कर रहे थे। इसे लेकर भी अब जांच हो रही है।

