
रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने संथाल परगना के डेमोग्राफी के बदलाव को लेकर कहा है कि यह भारत सरकार की चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसका समाधान होगा. ये तमाम बातें राज्यपाल ने जामताड़ा में मीडिया के द्वारा पूछे गये सवाल के जवाब में कही हैं।



झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर उपराजधानी दुमका में तिरंगा फहराने के बाद रांची लौटने के क्रम में जामताड़ा पहुंचे। यहां पर उन्होंने विभिन्न कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां पर मीडिया के द्वारा झारखंड के संथाल में डेमोग्राफिक चेंज को लेकर सवाल पूछे गये. इसके जवाब में राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि संथाल परगना के डेमोग्राफी में बदलाव भारत सरकार की चिंता का विषय है. राज्यपाल ने कहा है कि झारखंड उच्च न्यायालय ने भी इस मामले में संज्ञान लिया है। भारत सरकार इस मामले को लेकर काम कर रही है, आने वाले समय में इसका समाधान जरूर होगा।
गंगवार ने कहा कि झारखंड में क्या समस्याएं हैं, लोगों की क्या जरूरतें हैं। उन बातों को जानने के लिए ही वे लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने झारखंड में लंबे समय से राज्य सूचना आयोग मानव अघिकार आयोग लोकायुक्त जैसे संवैधानिक पद खाली रहने के विषय पर कहा कि इसे लेकर वह अपने स्तर से क्या कर सकते हैं और काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय अब चुनाव होने वाला है। जनता अपनी समस्या अपने जनप्रतिनिधि के पास रखें और उनसे इन समस्याओं का समाधान कराएं। बता दें कि राज्यपाल जामताड़ा के मोहनपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से मुखातिब होते तमाम बातें कहीं।

