
रांची। झारखंड की लड़कियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा की कि राज्य की सभी लड़कियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस योजना को लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।



वित्त मंत्री ने कहा कि इस योजना का प्रस्ताव पहले ही तैयार कर लिया गया है और इसे लागू करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार समेत अन्य राज्यों में इस तरह की योजना सफल रही है और झारखंड में भी इसे लागू करने की तैयारी है। साथ ही, राधाकृष्ण किशोर ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सम्मान की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गुरु को पद्म विभूषण दिया जाना गर्व की बात है, लेकिन उन्हें भारत रत्न मिलने चाहिए। इस संबंध में झारखंड विधानसभा पहले ही केंद्र को प्रस्ताव भेज चुकी है।
धान की खरीद प्रक्रिया को लेकर मंत्री ने चिंता जताई और जिला प्रशासन को पड़ोसी राज्यों और मिल मालिकों से समन्वय कर काम तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पलामू क्षेत्र की विशेष केंद्रीय सहायता रोक दी है, जिसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। वित्त मंत्री ने झारखंड की कृषि स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 24 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है, लेकिन केवल 12 लाख हेक्टेयर में ही सिंचाई की सुविधा है। पलामू क्षेत्र की औसत आय 60-65 हजार रुपये है, जिसे बढ़ाना जरूरी है। गणतंत्र दिवस समारोह पलामू पुलिस स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
