आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी कथित मुठभेड़ प्रकरण के बाद पुलिस मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है।प्राथमिकी में आरोपित जगदीशपुर डीएसपी राजेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय क्लोज कर दिया गया है। उनकी जगह पंकज कुमार मिश्रा को नए डीएसपी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।

इसे लेकर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के स्तर से आदेश जारी हुआ है ‌। पंकज मिश्रा वर्तमान में मद्यनिषेध सह राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में कार्यरत थे। अगले आदेश तक जगदीशपुर एसडीपीओ की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले में मृतक की मां आशा देवी के बयान पर शाहपुर थाना में जो प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उसमें तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी राजेश कुमार शर्मा, तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत मुठभेड़ में शामिल अन्य सहयोगी पुलिसकर्मियों को आरोपित बनाया गया है।

हत्‍या मामले में आरोप‍ित क‍िए गए हैं डीएसपी : मामले में हत्या एवं अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज होने के बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नवनियुक्त डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी हैं।

इससे पहले सुपौल जिले के बीरपुर अनुमंडल में डीएसपी तथा पटना जिले के दानापुर (बिहटा) क्षेत्र में डीएसपी-2 के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब उन्हें जगदीशपुर अनुमंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर प्रकरण की न्यायिक जांच और अन्य स्तरों पर जांच प्रक्रिया जारी है। ऐसे में डीएसपी स्तर पर किए गए इस बदलाव को मामले से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version