
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ मंदिर के समीप स्थित एक होटल में आज तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम सात तीर्थयात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के तारापीठ में एक होटल में आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बीरभूम के तारापीठ में चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी, इस दौरान होटल के अंदर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों ने शुरू में कहा था कि आग में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में पुलिस ने मरने वालों की संख्या सात बताई।
सावन सोमवार के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तारापीठ मंदिर पहुंचे थे। सोमवार के चलते होटल श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। सुबह के वक्त जब वो गहरी नींद में सो रहे थे, उसी वक्त होटल में आग लग गई, जिससे श्रद्धालुओं को भागने का मौका नहीं मिल पाया।
तारापीठ थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित होटल बिदेशिनी में सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शार्ट सर्किट होने के बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग और धुएं से पांच मंजिला पूरी इमारत को चपेट में आ गई। मुख्य प्रवेश द्वार और रिसेप्शन क्षेत्र में आग की लपटें होने के कारण लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए और अंदर ही फंस गए।
