
उज्जैन/भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे अभिमन्यु की शादी की रविवार को उज्जैन के सांवराखेड़ी में आयोजित सामूहिक सम्मेलन में संपन्न हुई। वरमाला के दौरान योग गुरु बाबा रामदेव ने मंत्र पढ़े। सभी रस्मों के बाद मुख्यमंत्री वर-वधू से मिले और उन्हें आशीर्वाद दिया।
शादी की रस्मों के दौरान बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से कहा कि महाराज, आपका विवाह भी ऐसे ही सामूहिक सम्मेलन में कराएंगे। सामूहिक सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मंत्री तुलसी सिलावट और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी भी मौजूद रहे। इस मौके पर अखाड़ा परिषद सभी जोड़ों को सवा लाख रुपये और पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे पुत्र डॉ. अभिमन्यु की शादी खरगोन निवासी डॉ. इशिता के साथ रविवार को उज्जैन के पावन शिप्रा तट सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई। सम्मेलन में कुल कन्याओं को विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान परोपकार और परंपरा का अद्वितीय संगम देखने को मिला। विवाह परिसर दिनभर मंगलध्वनियों, उत्साह और आशीर्वादों से सराबोर रहा।
रविवार सुबह सुबह आठ बजे इम्पीरियल चौराहा से बरात रवाना हुई। ढोल–ताशों और लोकनृत्य की रौनक के बीच शोभायात्रा में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट सहित कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि शामिल रहे। विवाह स्थल पहुंचते ही आकर्षक मंच पर सभी नवयुगलों की वरमाला रस्म सम्पन्न कराई गई, जिसके बाद पूरा परिसर तालियों और शुभकामनाओं से गूंज उठा।
