अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज दिव्यता और भव्यता से आलोकित हो उठी। दीपोत्सव के 9वें वर्ष पर अयोध्या ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। राम की पैड़ी पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीपक जलाकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया गया। वहीं सरयू तट पर 2128 अर्चकों ने एक साथ महाआरती कर दूसरा विश्व रिकॉर्ड बनाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव की शुरुआत भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के आगमन के साथ की। रामकथा पार्क में हेलिकॉप्टर से उतरे त्रेतायुग के प्रतीक स्वरूप भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का सीएम योगी ने स्वयं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद श्रीराम-सीता के रथ को खींचकर मंच तक ले जाया गया, जहां राज्याभिषेक के साथ आरती की गई।

राम की पैड़ी पर दीपों का सागर उमड़ पड़ा। 1100 ड्रोन से आसमान में लेजर शो के जरिए रामायण के प्रसंग जीवंत हुए। ड्रोन तकनीक से दीपों की गिनती कर रिकॉर्ड की पुष्टि की गई। पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गुंजायमान रहा।

इससे पहले साकेत महाविद्यालय से भव्य शोभायात्रा और 22 झांकियां निकाली गईं। करीब तीन किलोमीटर तक चली इस शोभायात्रा में रामायण के सात कांडों पर आधारित झांकियों के साथ महाकुंभ, महिला शक्ति और यूपी सरकार की प्रमुख योजनाओं की झलक भी देखने को मिली।

असम से आए कलाकारों ने मां काली के रौद्र रूप का अद्भुत प्रदर्शन किया। आग के गोलों के बीच नृत्य और मुकुट से निकलती लपटों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version