
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव की शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने नंदीग्राम और रेजीनगर क्षेत्रों में अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है। भाजपा ने मुर्शिदाबाद जिले की मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट पर अप्रत्याशित बढ़त हासिल की है। निर्वाचन आयोग के अनुसार यहां पांच दौर की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी शाखाराव सरकार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के गुलाम नबी आजाद से 34,501 मतों से आगे हैं। आयोग के अनुसार सरकार को 48,101 वोट मिले हैं, जबकि एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे आजाद को 13,600 मत हासिल हुए हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी 2,516 मत के साथ तीसरे और कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल काफी 2,407 मत के साथ चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। उधर, पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट पर सात दौर की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ 49,922 मतों की भारी-भरकम बढ़त बनाए हुए हैं। हासिरानी रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। हासिरानी रथ को 78,025 मत मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 18,485 वोट हासिल हुए हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ( भाकपा) के शांति गोपाल गिरि 2,495 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 15-15 दौर की मतगणना होगी। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पश्चिम बंगाल के बदले राजनीतिक परिदृश्य में इन उपचुनावों को पहली चुनावी कसौटी के तौर पर देखा जा रहा है इसलिए इनके नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से जीत हासिल की थी और मुख्यमंत्री बनने के बाद भवानीपुर सीट बरकरार रखी, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
असम: नगांव में भाजपा के देवाशीष शर्मा 75,248 मतों से आगे: असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 75,248 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 1,81,017 वोट मिले, जबकि अजमल को 1,05,769 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 29,826 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

