
गढ़वा। केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को गढ़वा विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार सत्येन्द्र नाथ तिवारी के समर्थन में नामांकन कार्यक्रम में सहभागिता की और विशाल जनसभा को संबोधित किया। शिवराज ने जेएमएम और हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन और गठबंधन की सरकार ने वन संपदा, जल संपदा, खनिज संपदा और सौंदर्य से भरपूर राज्य को पूरी तरह तबाह और बर्बाद कर दिया है। बेईमान सरकार के घोटालों और भ्रष्टाचारों की लंबी फेहरिस्त है। इनके मंत्रियों के घरों से नोटों के पहाड़ बरामद हुए हैं और गरीब जनता त्राही त्राही कर रही है। इसलिए अब झारखंड की जनता ने जेएमएम की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैंकने का मन बना लिया है। झारखंड में भाजपा की सरकार ही सुशासन स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।



शिवराज कहा कि पांच साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान जेएमएम ने महिलाओं से वादा किया था कि, उन्हें हर महीने चूल्हा खर्च के लिए दो हजार रुपये दिए जाएंगे लेकिन 4 साल 10 महीने हेमंत सोरेन को माताओ-बहनों की याद नहीं आई और अब चुनाव आते ही उनके खाते में महज एक हजार रुपये डाले जा रहे हैं।हमारी सरकार मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित कई राज्यों में बहनों के खातों में पैसा डाल रही है और झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार बनते ही उसी महीने से हर 11 तारीख को बहनों के खाते में 2,100 रुपये की सम्मान राशि डाली जाएगी।
ईंट, बालू, पत्थर, कोयला सब खा गए : शिवराज ने कहा कि जेएमएम और उनके मंत्रियों ने पूरे झारखंड को लूट लिया है। हमने सुना है कि रावण का भाई कुम्भकरण 6 महीने सोता था और जब छह महीने के बाद उठता था तो केवल खाता ही रहता था। कुम्भकरण तो छह महीने ही खाता था लेकिन यहां मंत्री 12 महीने ही खाते रहते हैं। ये ईंट, पत्थर, बालू, कोयला खा जाते हैं, जल जीवन मिशन का पैसा खा जाते हैं। मनरेगा का पैसा खा जाते हैं। मैं आज वचन देने आया हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पक्के मकान बनाने के लिए बालू मुफ्त दी जाएगी। कोई भी गरीब कच्ची छत के नीचे नहीं रहेगा ये मोदी का संकल्प है।
ये माटी, बेटी, रोटी बचाने का चुनाव : शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बेईमान गठबंधन की सरकार ने झारखंड को विदेशी घुसपैठियों का गढ़ बना दिया। बांगलादेश से घुसपैठिएं आ रहे हैं। घुसपैठिए बेटियों से विवाह भी कर लेते हैं और विवाह करके उनके नाम पर जमीन भी खरीद लेते हैं। ये हमारी बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सोरेन सरकार में सात हजार 400 बेटियों के साथ बलात्कार हुए हैं। रुबिका पहाड़िया जैसी बेटियों की निर्मम हत्या की गई है। बलात्कार हो रहे हैं, हत्याएं हो रही है, लूट हो रही है, डकैती हो रही है। यदि हम आज भी चुप रहे तो समझ लेना ये झारखंड नहीं बचेगा। ये बंगलादेशी घुसपैठियों का घर हो जाएगा। इसलिए ये चुनाव केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं है। ये चुनाव झारखंड में माटी बचाने का चुनाव है।

