
नई दिल्ली। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर बुधवार को पाबंदी लगा दी। सूत्रों ने बताया कि एक नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया गया है। इसके तहत पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी गई है। पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने भारतीय एयरलाइंस के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी थी।
पाकिस्तान से पूर्व या दक्षिण-पूर्व एशिया जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानें विशेष रूप से प्रभावित होंगी। वजह यह है कि उन्हें भारत के चारों ओर घूमकर जाना पड़ेगा। लंबी दूरी की वजह से यात्रियों का यात्रा समय काफी बढ़ जाएगा। इससे असुविधा होगी। बढ़ी हुई लागत और यात्रा के अधिक समय लगने के कारण कुछ यात्री पाकिस्तानी एयरलाइंस से यात्रा करने से कतरा सकते हैं। इससे एयरलाइंस को राजस्व का नुकसान हो सकता है। यह कदम पाकिस्तान के लिए एक कूटनीतिक संदेश भी है, जो दोनों देशों के बीच तनाव को दर्शाता है।
पाकिस्तान ने भी पहले से ही भारत के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया हुआ है। भारत का ताजा कदम उस प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा सकता है। जब दोनों देश एक-दूसरे के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर देते हैं तो दोनों ही देशों की एयरलाइंस को एक-दूसरे के ऊपर से उड़ान भरने की अनुमति नहीं होती है।
हालांकि, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि भारत का एयरस्पेस पाकिस्तान की तुलना में काफी बड़ा है। इसलिए पाकिस्तान की ओर से एयरस्पेस बंद करने का असर भारत पर उतना अधिक नहीं होता जितना भारत के कदम का पाकिस्तान पर होता है।
बता दें कि, कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना से सभी शोक में हैं।
