
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीन सिंतबर को दिल्ली में बिहार भाजपा की बैठक बुलाई है। बिहार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय आदि नेता बैठक में सम्मिलित होंगे।



15 सितंबर के उपरांत बिहार में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने वाली है। ऐसे में तीन को होने वाली यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक में बिहार भाजपा प्रभारी विनोद सिंह तावड़े, सह प्रभारी दीपक प्रकाश, संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ को आमंत्रित किया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार बैठक में पार्टी की ओर से कराए गए विभिन्न सर्वे रिपोर्ट, विधायकों की क्षेत्र में सत्ता विरोधी लहर एवं गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट शेयरिंग आदि बिंदुओं पर चर्चा प्रस्तावित है।