
पटना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 29 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। अपने दौरे में वे 30 मार्च को गोपालगंज में रैली को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान से जोड़ कर देखा जा रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि दो दिवसीय बिहार दौरे के तहत गृहमंत्री 29 मार्च की रात 8 बजे पटना आएंगे। 30 मार्च को गृहमंत्री बापू सभागार में 11 बजे से आयोजित सहकारिता विभाग के कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिसमें विभाग की ओर से पैक्स से संबंधित चलाई जा रही योजनाओं और कुछ नई योजनाओं का शुभारंभ होगा। दिन के साढ़े 12 बजे वे पटना से गोपालगंज के लिए रवाना होंगे, जहां रैली को संबोधित करेंगे। शाम में फिर वे पटना के राजकीय अतिथिशाला में आयोजित राजग की बैठक में शामिल होंगे। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश के साथ घटक दल के अन्य नेता शामिल हो सकते हैं।
गोपालगंज में आयोजित रैली में अमित शाह के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अतिरिक्त राजग के घटक दलों के अन्य वरिष्ठ नेता भी मंच साझा कर सकते हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, चिराग पासवान और रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा प्रमुख चेहरे हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर फिलहाल पार्टी की ओर से कुछ नहीं कहा जा रहा है।
